रिपोर्टर कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद हमारी मांगे पूरी करो, कर्मचारी कर्मचारी भाई-भाई ,लेकर रहेंगे पाई पाई, वेतन दो सायं सायं, 3 माह का एक मस्त वेतन दो, जैसे नारों के साथ नगर पालिका के नियमित कर्मचारी आज दूसरे दिन भी कार्यालय के सम्मुख शासन विरोधी नारा लगा कर आवाज बुलंद करते हुए अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। अध्यक्ष सुरेश तिवारी ने बताया कि नियमित कर्मचारियों के तीन माह का वेतन लंबित के साथ-साथ प्लेसमेंट कर्मचारियों का भी विगत दो माह का वेतन भुगतान लंबित है जिसके कारण प्लेसमेंट कर्मचारी भी अनिश्चितकालीन हड़ताल के समर्थन में उतर आए हैं
मीडिया प्रभारी जितेंद्र महंती ने प्रेस को बताया है कि निकाय कर्मचारियों के आंदोलन को समाज प्रमुख, गणमान्य नागरिकों विविध कर्मचारी संगठनो, नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों का भी समर्थन प्राप्त हो रहा है। कर्मचारी संगठनों में छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन के जिला संयोजक टेकराम सेन, तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष दिलीप तिवारी, स्वास्थ्य कर्मचारी संघ अध्यक्ष दीपक तिवारी, सचिव छत्तीसगढ़ प्रांतीय तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ अनिल कुमार के साथ अध्यक्ष निखिल कांत साहू, उपाध्यक्ष देवीचंद्र राठी, पार्षद धनेंद्र चंद्राकर, विधायक प्रतिनिधि हाफिज कुरैशी, पप्पू ठाकुर और अमृत चोपड़ा जैसे गणमान्य लोगों ने आकर हड़ताल का एक स्वर में समर्थन किया है। जिला संयोजक टेकराम सेन ने कहा कि छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फैडरेशन के प्रदेश स्तरीय 11 सूत्री प्रमुख मांगों में छठवें क्रम पर नगरी निकाय कर्मचारियों की प्रत्येक माह को 1 तारीख की वेतन भुगतान , और पदोन्नति जैसे मांगों को प्रदेश स्तर पर उठाया गया है। समय पर वेतन न मिलने जैसी गंभीर समस्या को लेकर प्रदेश अध्यक्ष द्वारा माननीय मुख्यमंत्री जी को भी पत्र लिखा गया है। हम नगरी निकाय कर्मचारी साथियों के विगत तीन माह से वेतन का भुगतान न होने जैसी गंभीर समस्या को लेकर कर रहे हड़ताल का पूरे जोर के साथ समर्थन करते हैं। समय पर वेतन न मिलने से परिवार का घरेलू बजट बिगड़ जाता है। शहर को स्वच्छ और सुंदर रखने वाले शिल्पकार साथियों को समय पर वेतन न मिलना एक बहुत बड़ी गंभीर समस्या है। हम नगरी निकाय के कर्मचारी साथियों के साथ सभी कर्मचारी संगठन कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। पालिका कर्मचारियों ने साथी आज जिला कलेक्टर महासमुंद को भी एक सूचना ज्ञापन सौंपा है, जिसमें एक-दो दिनों में लंबित वेतन भुगतान नहीं होने की स्थिति पर सोमवार से मूलभूत सुविधा जैसे पानी सप्लाई, विद्युत, और सफाई व्यवस्था बंद करने की और शहर की व्यवस्था बिगड़ने पर संपूर्ण जवाबदारी शासन प्रशासन की होने की बात कही है। ज्ञापन सौंपने वालो में संघ के अध्यक्ष सुरेश तिवारी, सचिव दुर्गेश कुंजेकार, यशवंत देवांगन, सीताराम चेलक, और नौशाद बख्श उपस्थित थे।