रिपोर्टर कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद, दिनांक _21 /02/2026__स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा संचालित *राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (NMHP)* के अंतर्गत विद्यार्थियों में परीक्षा के समय बढ़ते मानसिक तनाव, चिंता एवं अवसाद की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए 24×7 टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 प्रारंभ की गई है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं शिक्षकों को विशेषज्ञों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी महासमुंद, डॉ. आई. नागेश्वर राव ने बताया कि परीक्षा के समय मानसिक दबाव सामान्य है, परंतु समय पर उचित मार्गदर्शन मिलने से इसे प्रभावी रूप से नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की चिंता, घबराहट या अवसाद की स्थिति में 14416 पर तुरंत संपर्क करें और मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता दें।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) श्रीमती नीलू घृतलहरे ने सुझाव दिया कि विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर नियमित काउंसलिंग सत्र, योग एवं ध्यान कार्यक्रम तथा सकारात्मक संवाद का वातावरण बनाया जाना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़े और वे परीक्षा को सहज रूप से ले सकें।
जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सी.पी. चंद्राकर ने जानकारी दी कि शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल, महासमुंद के “स्पर्श क्लिनिक” में मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं हेतु विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध है। यहाँ प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिक एवं मनोसामाजिक कार्यकर्ता द्वारा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत एवं समूह परामर्श प्रदान किया जाता है।
स्पर्श क्लिनिक में कार्यरत टीम सदस्य –
श्री राम गोपाल खुंटे (मनोसामाजिक कार्यकर्ता – PSW)
सुश्री टेकेश्वरी गोस्वामी (क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट – CP)
श्री खोमन लाल साहू (साइकियाट्रिक नर्सिंग ऑफिसर – SNO)
सुश्री जागृति साहू (स्टाफ नर्स – SN)
श्री टेकलाल नायक एम ई,
श्री देवकुमार डडसेना (योग प्रशिक्षक)
द्वारा नियमित रूप से विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन, ध्यान, प्राणायाम एवं सकारात्मक सोच के अभ्यास कराए जा रहे हैं।
अधिकारियों ने अभिभावकों एवं शिक्षकों से भी आग्रह किया है कि वे विद्यार्थियों पर अनावश्यक दबाव न डालें, उनकी भावनाओं को समझें तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञों की सहायता लेने में संकोच न करें।
मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना शारीरिक स्वास्थ्य।
परीक्षा के दौरान तनावमुक्त रहने हेतु तुरंत डायल करें – 14416 (टेली-मानस, 24×7 निःशुल्क सेवा)
जारीकर्ता:
कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़