Blogछत्तीसगढ़

रेलवे बैरिकेड्स के साथ पैदल आवागमन के लिए गेट खोलने की मांग

नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने रेलवे इंजीनियर को सौंपा ज्ञापन, स्थल निरीक्षण कर व्यवस्था बनाने का मिला आश्वासन

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद। शहर में रेलवे पटरी के किनारे सुरक्षा की दृष्टि से लगाए जा रहे बैरिकेड्स के कारण आम नागरिकों के आवागमन में होने वाली परेशानी को देखते हुए नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिक्का एवं भाजयुमो शहर महामंत्री गौरव राठी ने रेलवे प्रशासन के इंजीनियर श्री बारिक को ज्ञापन सौंपकर पैदल आवागमन के लिए गेट की व्यवस्था करने की मांग की।

नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने रेलवे इंजीनियर का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि रेलवे पटरी के किनारे सुरक्षा की दृष्टि से बैरिकेड्स लगाना आवश्यक है, लेकिन कुछ स्थानों पर आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड्स के साथ पैदल आने-जाने के लिए गेट की व्यवस्था भी की जानी चाहिए। इससे रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि इमलीभाठा से शंकर नगर आने-जाने वाले मार्ग पर विशेष रूप से पैदल आवागमन की सुविधा बनाए रखना जरूरी है। शंकर नगर में पुरानी लकड़ी टाल के पास रेलवे सिग्नल के दोनों ओर से लोगों का आवागमन होता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग पैदल आते-जाते हैं। यदि इस रास्ते को पूरी तरह बंद कर दिया जाता है, तो नागरिकों को शहर आने-जाने के लिए लगभग एक किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे आम लोगों, विशेषकर पैदल चलने वालों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ेगा।

देवीचंद राठी ने कहा कि रेलवे की सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा, दोनों को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड्स के साथ ऐसा गेट बनाया जाना चाहिए, जिससे लोग पैदल आवागमन कर सकें और गोवंश सहित अन्य जानवर रेलवे पटरी पर प्रवेश न कर सकें। इससे सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित किए बिना नागरिकों को राहत मिल सकेगी।

ज्ञापन पर रेलवे इंजीनियर श्री बारिक ने सहमति जताते हुए संबंधित स्थल का निरीक्षण करने तथा सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए बैरिकेड्स के साथ पैदल आवागमन के लिए गेट की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। रेलवे प्रशासन के इस आश्वासन से क्षेत्र के नागरिकों को आवागमन की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button