Blogछत्तीसगढ़

राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बेलसोंडा रेलवे ओवरब्रिज निर्माण से आवागमन होगा सुगम

रिपोर्टर कुंज कुमार रात्रे महासमुंद, 31 मार्च 2026/जिले में आधारभूत अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में राष्ट्रीय राजमार्ग-353 पर बेलसोंडा में रेलवे ओवरब्रिज (ROB) का निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम एवं सुरक्षित हो जाएगी।

इस ओवरब्रिज के निर्माण हेतु 52.29 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति 30 जुलाई 2024 को प्राप्त हुई है। श्रीमती कोकिला राव (ब्रिज NH)ने बताया कि 1.23 किलोमीटर लंबाई के इस टू-लेन ओवरब्रिज का निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में तेजी से किया जा रहा है।

परियोजना के तहत रेलवे क्रॉसिंग पर 72 मीटर स्पान के बो स्ट्रिंग गर्डर का फेब्रिकेशन एवं लॉन्चिंग कार्य प्रगति पर है। कलेक्टर  विनय लंगेह के निर्देशानुसार निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है और अब तक लगभग 50 प्रतिशत भौतिक प्रगति पूर्ण कर ली गई है। फाउंडेशन एवं सब-स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि आरई वॉल एवं सुपर-स्ट्रक्चर का कार्य वर्तमान में जारी है। इस परियोजना को नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि उक्त रेलवे क्रॉसिंग से प्रतिदिन लगभग 80 से 100 पैसेंजर एवं मालगाड़ियां गुजरती हैं, जिससे फाटक पर अक्सर लंबे समय तक जाम की स्थिति बनती है। ओवरब्रिज के निर्माण से इस समस्या से स्थायी समाधान मिलेगा और आमजन के समय की बचत होगी।

इस ओवरब्रिज के पूर्ण होने से सीधी एवं सुगम कनेक्टिविटी स्थापित होगी। साथ ही महासमुंद जिले के निवासियों को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

महासमुंद जिला अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। इस महत्वपूर्ण अधोसंरचना परियोजना के पूर्ण होने से जिले के विकास को और अधिक मजबूती मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button