संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुन्द सिरपुर, सफुरा माता आस्था महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम सिरपुर, जिला महासमुंद के तत्वावधान में दिनांक 22 नवंबर 2026, रविवार को ऐतिहासिक नगरी सिरपुर स्थित सफुरा माता मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संस्था के प्रेरकों, जिला एवं प्रदेश स्तर के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में सामाजिक पदाधिकारी, महिलाएं एवं समाजजन उपस्थित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित प्रतिनिधियों एवं समाजजनों द्वारा गुरु बाबा घासीदास जी तथा माता सफुरा जी की पूजा-अर्चना कर किया गया। इसके पश्चात जर्जर अवस्था में पहुंच चुके सफुरा माता मंदिर का अवलोकन किया गया। बैठक में मंदिर के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित महासमुंद के सामाजिक नेतृत्वकर्ता एवं संस्था के संचालक आदरणीय त्रिभुवन महिलांग जी ने सभी समाजजनों की उपस्थिति एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह हमारे लिए अत्यंत विडंबना का विषय है कि ऐतिहासिक नगरी सिरपुर में शासन-प्रशासन के प्रतिनिधियों का लगातार आना-जाना होता है, इसके बावजूद ऐतिहासिक महत्व रखने वाले सफुरा माता मंदिर की जर्जर स्थिति पर अब तक अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक नगरी सिरपुर हम सभी के लिए गौरव का विषय है। यह महान संत गुरु बाबा घासीदास जी की ससुराल है तथा माता सफुरा जी का ऐतिहासिक एवं सामाजिक महत्व हमारे समाज की अमूल्य धरोहर है। माता सफुरा जी के त्याग, तपस्या और संघर्ष की प्रेरणा आज भी समाज में देखने को मिलती है। ऐसे महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल का संरक्षण केवल सतनामी समाज ही नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बार-बार अवगत कराने और लिखित आवेदन प्रस्तुत करने के बावजूद मंदिर के जीर्णोद्धार की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हो पाई है। समाज की इस जायज मांग को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के विषय को राजनीति से ऊपर रखकर प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समाज के प्रतिनिधियों को केवल औपचारिक कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज के वास्तविक मुद्दों पर भी मजबूती से खड़ा होना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि समाजजन संगठित होकर शासन-प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करेंगे। हमें विश्वास है कि हमारी इस जायज मांग पर सकारात्मक पहल की जाएगी। इसके बावजूद यदि उपेक्षा जारी रहती है तो समाज अपने अधिकार और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगा।
बैठक को छत्तीसगढ़ सतनामी मुक्ति केंद्र की केंद्रीय अध्यक्ष आदरणीय वीरेंद्र कुमार दीदी जी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि त्रिभुवन महिलांग जी के नेतृत्व में जर्जर मंदिर के जीर्णोद्धार एवं संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे और इस दिशा में सकारात्मक परिणाम प्राप्त करने का पूरा प्रयास होगा।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ सतनामी मुक्ति केंद्र, महासमुंद के जिला अध्यक्ष सचिन गायकवाड़ जी ने भी अपने विचार रखे तथा मंदिर के संरक्षण एवं समाज की एकजुटता पर जोर दिया।
बैठक में उपस्थित प्रमुख सामाजिक प्रतिनिधि एवं समाजजन
इस अवसर पर श्यामलाल मन्नाडे जी, गुलाब साय जी, ईशा टंडन जी, अजीत भट्टपहारी जी, पंचराम जी, वेदराम चतुर्वेदी जी, हर हर्ष प्रताप मन्नाडे जी, गरिमा महिला संगठन भोरिंग से पधारी माताएं एवं बहनें, मुंगेली जिले से पधारे वकील नरेंद्र गेंदले जी, सिरपुर सतनामी समाज के अध्यक्ष टुकेश्वर भास्कर जी, टीकम भास्कर जी, वीरेन निराला जी, मनोज निराला जी, साहिल जांगड़े ,द्वारका सायटोडे जी, हीरालाल भास्कर जी, गणपत भास्कर जी सूर्या भास्कर सहित बड़ी संख्या में सिरपुर के सतनामी समाज के लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला समूह की महत्वपूर्ण भूमिका
इस सामाजिक बैठक का आयोजन सफुरा माता आस्था महिला स्वयं सहायता समूह, ग्राम सिरपुर की अध्यक्ष श्रीमती अंजू भास्कर के नेतृत्व में किया गया।
आयोजन में समूह की सचिव ईशा टंडन, कोषाध्यक्ष फुलेश्वरी भास्कर, रेशमा भास्कर, पार्वती सायटोडे, राजकुमारी भास्कर, बिमला बाई निराला, हेमलता निराला, संतोषी गायकवाड़, पूर्णिमा सायतोड़े,सुसल्ला भास्कर एवं समारीन बाई भास्कर पिंगल टंडन खुशबू भास्कर सहित समूह की अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य माता सफुरा जी से जुड़े ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल के संरक्षण, जर्जर मंदिर के जीर्णोद्धार तथा समाज की एकजुटता के माध्यम से शासन-प्रशासन तक अपनी मांग पहुंचाना रहा। उपस्थित सभी समाजजनों ने इस दिशा में सामूहिक प्रयास करने और अपनी ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने का संकल्प लिया।