Blogछत्तीसगढ़

उत्तर प्रदेश का युवक ‘डॉ. राव’ बनकर कर रहा था यौन रोगों का इलाज, संयुक्त जांच दल ने दवाखाना किया बंद

स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: बिना लाइसेंस संचालित कोमाखान का 'आंचल नर्सिंग होम' सील

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद / 24नवंबर 2026।आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप एवं फर्जी चिकित्सकों के विरुद्ध जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त शिकायत के आधार पर सोमवार को राजस्व एवं स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने सरायपाली के सरसीवा रोड (ग्राम पतेरापाली) स्थित “डॉ. राव दवाखाना” पर औचक छापामार कार्रवाई की। जांच में क्लिनिक पूरी तरह अवैध पाए जाने पर टीम ने मौके पर पंचनामा तैयार कर दवाखाने को आगामी आदेश तक के लिए बंद (सील) कर दिया है।

क्या है पूरा मामला?

महासमुंद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) कार्यालय को सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से शिकायत प्राप्त हुई थी कि सरायपाली के सरसीवा रोड पर प्रत्येक सोमवार को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक ‘डॉ. राव दवाखाना’ के नाम से अवैध क्लिनिक संचालित किया जा रहा है, जहाँ बिना किसी वैध चिकित्सकीय डिग्री और पंजीयन के यौन रोगों (गुप्त रोगों) के गारंटीशुदा इलाज का दावा कर मरीजों की जान से खिलवाड़ किया जा रहा है।

जांच में खुला फर्जीवाड़े का राज

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सरायपाली को अवगत कराया गया। इसके पश्चात सोमवार 23 नवंबर को नायब तहसीलदार सरायपाली, सहायक नोडल अधिकारी (नर्सिंग होम एक्ट) महासमुंद, राजस्व निरीक्षक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली की संयुक्त टीम ने क्लिनिक पर दबिश दी।

निरीक्षण के दौरान क्लिनिक के बाहर “डॉ. राव दवाखाना (R)” का बड़ा बोर्ड और अंदर टेबल पर BAMS (AM) की नेम-प्लेट लगी पाई गई। जब टीम ने मौके पर मरीजों को परामर्श दे रहे व्यक्ति से उसकी डिग्री और पहचान पत्र मांगा, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। आधार कार्ड की जांच करने पर उसका वास्तविक नाम जावेद अली (पिता महमूद अली), निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) निकला, जो अपनी पहचान छिपाकर ‘डॉ. राव’ के फर्जी नाम से क्लिनिक चला रहा था।

वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया संचालक

संयुक्त टीम द्वारा चिकित्सकीय योग्यता (डिग्री) और छत्तीसगढ़ राज्य उपचर्यागृह तथा रोगोपचार संबंधी स्थापनाएं (अनुज्ञापन) अधिनियम, 2010 (नर्सिंग होम एक्ट) के तहत क्लिनिक संचालन का लाइसेंस मांगे जाने पर जावेद अली कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

07 दिन का नोटिस, होगी एफ.आई.आर.

निरीक्षण दल ने तत्काल प्रभाव से क्लिनिक को बंद कराते हुए संचालक को 07 दिवस के भीतर समस्त वैध चिकित्सकीय एवं पंजीयन दस्तावेज कार्यालय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद में प्रस्तुत करने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर संबंधित के विरुद्ध नर्सिंग होम एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत एफ.आई.आर. दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद ,24 नवंबर नवंबर 2026//जिले में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम के विरुद्ध स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) महासमुंद के निर्देशानुसार नर्सिंग होम एक्ट निरीक्षण दल ने कोमाखान स्थित ‘आंचल नर्सिंग होम’ को नियमों के उल्लंघन एवं बिना वैध लाइसेंस के संचालन के चलते तत्काल प्रभाव से सील बंद कर दिया है।

औचक निरीक्षण में खुले चौंकाने वाले तथ्य

स्वास्थ्य विभाग को जानकारी प्राप्त हुई थी कि कोमाखान क्षेत्र में बिना नर्सिंग होम एक्ट लाइसेंस के ‘आंचल नर्सिंग होम’ का संचालन किया जा रहा है। इस पर सीएमएचओ के निर्देशानुसार नर्सिंग होम एक्ट के निरीक्षण दल द्वारा उक्त अस्पताल का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान दल ने पाया कि अस्पताल में एक मरीज का सिजेरियन ऑपरेशन (LSCS) किया गया था तथा एक नसबंदी (Tubectomy) की मरीज वहां भर्ती थी। हैरानी की बात यह रही कि निरीक्षण के समय अस्पताल में न तो कोई योग्य चिकित्सक मौजूद था और न ही कोई प्रशिक्षित नर्सिंग स्टाफ उपस्थित था।

8 माह से ओपीडी और 4 माह से चल रहा था अवैध अस्पताल

जांच दल द्वारा दस्तावेजों की मांग किए जाने पर अस्पताल प्रबंधन कोई भी वैध पंजीयन या लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सका। मौके पर लिए गए कथन में प्रबंधन द्वारा यह स्वीकार किया गया कि वे बिना किसी वैध दस्तावेज के पिछले 8 माह से ओपीडी (OPD) का संचालन कर रहे हैं तथा विगत 4 माह से मरीजों को भर्ती कर ऑपरेशन व उपचार कार्य किया जा रहा था।

नोटिस के बाद की गई सीलबंदी की कार्रवाई

निरीक्षण दल द्वारा तत्काल इसका जांच एवं पालन प्रतिवेदन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, महासमुंद को सौंपा गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ द्वारा संबंधित संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। संतोषजनक जवाब एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने के फलस्वरूप आज स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर ‘आंचल नर्सिंग होम’ को विधिवत सील बंद करने की कार्रवाई की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button