रिपोर्टर कुंज कुमार रात्रे 
महासमुन्द विरोध-प्रदर्शनमहासमुंद। जिला कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में अचानक की गई 993 रुपए की भारी बढ़ोतरी के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर करने कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में सड़कों पर उतरे। यह विरोध प्रदर्शन जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता एकजुट नजर आए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस की पूर्व जिलाध्यक्ष रश्मि चंद्राकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अमरजीत चावला, आलोक,चन्द्राकार, अन्य स्थानीय सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि कमर्शियल सिलेंडर के दाम में एक
साथ 993 रुपए की वृद्धि करना व्यापारिक वर्ग और आम जनता की जेब पर सीधा प्रहार है। उनका तर्क है कि जब कमर्शियल सिलेंडर महंगा होता है, तो होटल, रेस्तरां और खाने-पीने की छोटी दुकानों पर मिलने वाली चीजों के दाम अपने आप बढ़ जाते हैं। इससे आम आदमी के लिए बाहर खाना या नाश्ता करना भी मुश्किल हो जाता है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की कि बढ़े हुए दामों को तत्काल वापस लिया जाए। अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने कहा कि महंगाई आज अपने चरम स्तर पर पहुंच गई है। डीजल, पेट्रोल और अब गैस के बढ़ते दामों ने आम जनता का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने इन बढ़ी हुई कीमतों को कम नहीं किया, तो कांग्रेस आंदोलन और तेज करेगी।