संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद। भारतीय जनता पार्टी जिला महासमुंद के अंतर्गत सभी जिला मोर्चों की संयुक्त कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन की मजबूती, मोर्चों की सक्रियता बढ़ाना तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और कार्ययोजनाओं को लेकर रणनीति तय करना रहा। बैठक में जिला प्रभारी से लेकर सभी मोर्चों के जिलाध्यक्षों ने भाग लेकर संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सक्रिय करने पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा जिला प्रभारी जयंती पटेल, जिलाध्यक्ष येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री थान सिंह दीवान द्वारा किया गया। बैठक की शुरुआत में प्रस्तावना रखते हुए जिलाध्यक्ष येतराम साहू ने कहा कि भाजपा की ताकत उसके मोर्चे और कार्यकर्ता हैं। सभी मोर्चे अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर संगठन को मजबूती प्रदान करें। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और पार्टी द्वारा दिए गए कार्यक्रमों को समयबद्ध रूप से धरातल पर उतारने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी जयंती पटेल ने संगठन की आगामी कार्ययोजनाओं, अभियानों और मोर्चों की भूमिका पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि सभी मोर्चे अपने-अपने वर्गों के बीच सक्रिय रहकर पार्टी की रीति-नीति एवं केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाएं। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को समर्पित भाव से कार्य करना होगा। मोर्चों की सक्रियता से ही पार्टी का जनाधार और व्यापक होगा।
इस दौरान छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर विस्तार से अपना वक्तव्य रखा और संगठन के माध्यम से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमन वर्मा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्मिता चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिलाध्यक्ष पवन पटेल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पिलेश्वर पटेल, अल्पसंख्यक मोर्चा जिलाध्यक्ष आबिद खान, अनुसूचित जनजाति मोर्चा जिलाध्यक्ष धरम दीवान एवं अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रमोद सागर सहित सभी मोर्चों के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। उक्त जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद साहू ने दी।
