संपादक कुंज कुमार रात्रे 
महासमुंद में मानवता, संवेदनशीलता और समाज सेवा का एक ऐसा उदाहरण सामने आया है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। परिवार के एक सदस्य के निधन के गहरे दुख के बीच बागबाहरा रोड स्थित (पतंजलि केंद्र के समीप) कोठारी परिवार ने ऐसा निर्णय लिया, जो आने वाले समय में अनेक लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। परिवार के वरिष्ठ सदस्य पूज्य छोटालाल कोठारी जी के आकस्मिक निधन के बाद उनके परिजनों ने नेत्रदान कर मानव सेवा की मिसाल पेश की है।
जानकारी के अनुसार, 24 जुलाई 2026 को श्री छोटालाल कोठारी जी का आकस्मिक निधन हो गया। परिवार शोक में डूबा हुआ था, लेकिन इसी कठिन समय में परिवार के सदस्य श्री रमेश कुमार जैन ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दिवंगत की आंखें दान करने का निर्णय लिया। उन्होंने तुरंत जिला स्वास्थ्य विभाग की नेत्रदान टीम से संपर्क कर नेत्रदान की प्रक्रिया शुरू कराने की पहल की।
सूचना मिलते ही जिला स्वास्थ्य विभाग की नेत्र विंग की विशेषज्ञ टीम तत्काल मौके पर पहुंची। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ ने पूरी संवेदनशीलता, गरिमा और निर्धारित चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नेत्रदान की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई। नेत्रों को सुरक्षित रूप से संकलित कर मेडिकल कॉलेज महासमुंद स्थित आई बैंक सेंटर में जमा कराया गया, जहां से भविष्य में दो दृष्टिबाधित व्यक्तियों को नई रोशनी मिलने की संभावना बनेगी।
