Blogछत्तीसगढ़

महारानी वीरांगना दुर्गावती शहादत दिवस पर महासमुंद में भव्य जिलास्तरीय आयोजन संपन्न

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद। गोंडवाना की महान वीरांगना एवं मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाली महारानी दुर्गावती जी के शहादत दिवस के अवसर पर 24 जून को जिला मुख्यालय महासमुंद में भव्य जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन आदिवासी ध्रुव गोंड समाज 52 गढ़ जिला महासमुंद, सर्व आदिवासी समाज जिला महासमुंद एवं शासकीय अनुसूचित जनजाति कर्मचारी सेवक संघ जिला महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ आदिवासी समाज के पुरोधाओं एवं महापुरुषों को नमन करते हुए उनके तैलचित्रों पर माल्यार्पण एवं पूजन-अर्चन के साथ किया गया। जिले भर से हजारों की संख्या में पहुंचे समाज प्रमुखों, प्रबुद्धजनों, सामाजिक पदाधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं एवं समाजजनों की उपस्थिति ने आयोजन को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया। आयोजन समिति द्वारा समाज के सभी वर्गों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया गया था, जिसका व्यापक प्रभाव देखने को मिला।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के कृषि, किसान कल्याण तथा आदिम जाति, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री रामविचार नेताम उपस्थित रहे। इसके अलावा महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, जनजाति आयोग अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, कृषि बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, औषधीय पादप बोर्ड अध्यक्ष विकास मरकाम, महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व विधायक विमल चोपड़ा, शासकीय कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष आर.एन. ध्रुव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, सामाजिक नेताओं एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मंत्री रामविचार नेताम ने महारानी दुर्गावती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को नमन किया। तत्पश्चात अटल परिसर में स्थापित अमर शहीद वीर नारायण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। समाज के प्रमुख पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों का पारंपरिक रूप से स्वागत एवं सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों तथा विभिन्न विभागों में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शासकीय कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उपस्थित अतिथियों एवं वक्ताओं ने अपने संबोधन में महारानी दुर्गावती जी के शौर्य, स्वाभिमान, देशप्रेम एवं समाज के प्रति उनके अमूल्य योगदान को स्मरण करते हुए नई पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। सभी वक्ताओं ने आयोजन की सफलता पर आयोजक समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी समाजजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, टेंट, लाइट, साउंड, भोजन एवं रसोई व्यवस्था से जुड़े कर्मियों, नगरपालिका परिषद, पुलिस प्रशासन, मीडिया प्रतिनिधियों तथा अन्य सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समिति ने कहा कि सभी के सहयोग, समर्पण और सहभागिता से यह आयोजन सफल, भव्य और यादगार बन सका।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सर्व आदिवासी समाज जिलाध्यक्ष एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष भिखम सिंह ठाकुर, आदिवासी ध्रुव गोंड समाज 52 गढ़ जिला महासमुंद की जिलाध्यक्ष डेजी रानी नेताम, कार्यकारी जिलाध्यक्ष तुलाराम सोरी तथा मीडिया प्रभारी अजय पोडेटी एवं ओमप्रकाश नेताम ने 19 परिक्षेत्र अध्यक्षों, ध्रुव गोंड समाज के जिला पदाधिकारियों, समस्त सगाजन, मातृशक्ति एवं युवा शक्ति, सर्व आदिवासी समाज से जुड़े सभी समाजों के जिला अध्यक्षों, शासकीय अनुसूचित जनजाति कर्मचारी सेवक संघ के पदाधिकारियों सहित जिले भर के समस्त समाजजनों, अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button