संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद, 19 नवंबर 2026/जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र महासमुंद के द्वारा शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय मचेवा महासमुंद में रोजगार मेला एवं व्यावसायिक मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रोजगार मेला शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार दिलाने में मददगार मंच है।
रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 07 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कंपनियों द्वारा कुल 344 पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई। इस रोजगार मेले में 346 युवाओं ने ऑनलाईन पंजीयन कराया, जिसमें से 70 उपस्थित युवाओं ने योग्यता एवं कौशल के आधार पर रोजगार प्राप्त करने के लिए सहभागिता की। चयन प्रक्रिया के दौरान 54 अभ्यर्थियों का प्रारंभिक रूप से चयन किया गया, जबकि 36 अभ्यर्थियों का अंतिम रूप से चयन किया गया। चयन प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों की योग्यता, कौशल एवं अनुभव का परीक्षण नियोजक कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा किया गया। कंपनियों ने अपने- अपने पदों के लिए आवश्यक दस्तावेजों की जांच की एवं पात्र अभ्यर्थियों से आगे की प्रक्रिया के लिए संपर्क किया।
इस अवसर पर उपसंचालक डॉ. (श्रीमती) शशि अतुलकर, प्रभारी जिला रोजगार कार्यालय महासमुंद ने बताया कि रोजगार मेला युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहल है, जिससे उन्हें रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें और वे अपने भविष्य को सुरक्षित बना सकें। उन्होंने महाविद्यालय में अध्ययनरत अभ्यर्थियों को कैरियर मार्गदर्शन, उच्च शिक्षा के अवसर एवं आगामी रोजगार मेले के संबंध में जानकारी दी। साथ ही विभिन्न निजी कंपनियों एवं शासकीय भर्ती प्रक्रिया के विषय में विस्तार से बताया। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य डॉ. रीता पाण्डे, डॉ. मालती तिवारी विभागाध्यक्ष राजनीति अजय कुमार राजा विभागाध्यक्ष वाणिज्य व रोजगार संयोजक दिलीप कुमार बढ़ाई, सह संयोजक डॉ. नीलम अग्रवाल विभागाध्यक्ष अर्थशास्त्र एवं अन्य प्राध्यापकगण उपस्थित थे।
