संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद। ग्राम पंचायत अछोली के बाजार चौक में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर 4 सितंबर को टीन शेड निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ। यह निर्माण कार्य ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर स्वीकृत किया गया है। इस टीन शेड के बन जाने से बाजार में आने वाले व्यापारियों और ग्रामीणों को धूप और बारिश से राहत मिलेगी और बाजार व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होगी।
जानकारी के अनुसार बाजार चौक में बनने वाले इस टीन शेड का निर्माण जिला पंचायत सदस्य निधि से 3 लाख रुपये और जनपद सदस्य निधि से 2 लाख रुपये इस प्रकार कुल 5 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सृष्टि अमर चंद्राकर उपस्थित रहीं जबकि अध्यक्षता जनपद सदस्य श्रीमती प्रियंका लवेश ढीढी ने की। दोनों अतिथियों ने विधि विधान से पूजा अर्चना कर भूमिपूजन किया और निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।
भूमिपूजन कार्यक्रम से पूर्व ग्रामवासियों ने अतिथियों का बाजे गाजे और फूल मालाओं के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती सृष्टि अमर चंद्राकर ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और अछोली बाजार में टीन शेड बनने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। इस अवसर पर सरपंच श्रीमती धनेश्वरी अमन कोसले, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण चंद्राकर, उप सरपंच मोंगरा संतराम साहू, अमन कोसले, संतराम साहू, कमलेश साहू, विष्णु कोसले, यादव समाज के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी और बाजार के व्यापारी उपस्थित रहे।