Blogछत्तीसगढ़

पानी निकासी सुचारू रखने के लिए जेसीबी से हटाया गया जाम, सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया

झलप में नाली जाम की समस्या का त्वरित समाधान, व्यवसायियों ने कचरा नहीं फेंकने पर दी सहमति

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद,05 सितंबर //झलप में पानी निकासी बाधित होने के कारण नाली जाम होने की स्थिति की सूचना मिलने पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर आज सुबह राजस्व एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर समस्या का निराकरण किया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष कुलदीप ने मौके पर उपस्थित रहकर जेसीबी के माध्यम से नाली में जमा अवरोध को हटवाया, जिससे पानी की निकासी सुचारू हुई और तत्काल जलभराव एवं जाम की स्थिति से राहत मिली।

इस दौरान स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की खराब सड़कों को लेकर अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।

इसके साथ ही छिलपावन चौक के आसपास के दुकानदारों एवं व्यवसायियों से चर्चा कर नाली में कचरा नहीं डालने तथा पानी की निकासी के लिए नाली को खुला रखने की अपील की गई। चर्चा के दौरान स्थानीय व्यवसायियों ने सहमति जताते हुए भविष्य में नाली में किसी भी प्रकार का कचरा नहीं फेंकने और नाली को अवरुद्ध नहीं करने पर सहमति व्यक्त की।

पीएमजीएसवाई के कार्यपालन अभियंता श्री आशीष कुलदीप ने बताया कि क्षेत्र में सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा जा चुका है। बरसात के बाद आवश्यक बजट में इसे शामिल कर सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

स्थानीय व्यवसायियों एवं नागरिकों ने प्रशासन द्वारा तत्काल नाली जाम की समस्या दूर किए जाने पर संतोष व्यक्त किया तथा पानी की निकासी व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग का आश्वासन दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button