संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुन्द पीएम श्री सेजेस तुमगांव में नये कक्षा में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं के स्वागत हेतु भव्य प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सावित्री बाई निर्मलकर उपस्थित रहीं, जिन्होंने नये विद्यार्थियों को पौधे एवं प्रतीकात्मक उपहार प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्वलन से हुई। प्रधानाचार्य श्री के.आर. साहू ने अपने उद्बोधन में नये विद्यार्थियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा, “आज का यह दिन आपके भविष्य नींव रखने वाला है। पीएम श्री सेजेस तुमगांव न केवल शिक्षा का केंद्र है बल्कि संस्कारों और मूल्यों का भी पालन-पोषण करने वाला संस्थान है। कड़ी मेहनत, अनुशासन और लगन से आप सभी उज्ज्वल भविष्य बना सकते हैं।”
प्रधानाचार्य श्री साहू ने विद्यालय की उपलब्धियों, आधुनिक शिक्षण पद्धतियों तथा समग्र विकास पर बल देते हुए अभिभावकों और विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने अन्य शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि समर्पित शिक्षकगण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
मुख्य अतिथि सावित्री बाई निर्मलकर ने अपने संबोधन में लड़कियों की शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और अनुशासन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा, “विद्यालय न केवल किताबी ज्ञान देता है बल्कि जीवन जीने की कला भी सिखाता है।” उन्होंने नये छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ ही नये विद्यार्थियों को विद्यालय की पुस्तकें एवं अन्य आवश्यक सामग्री प्रदान की गई।
इस प्रवेश उत्सव ने नये छात्रों को विद्यालय के प्रति अपनत्व का भाव जगाया और शिक्षा के प्रति उनके उत्साह को बढ़ावा दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में स्कूल के शिक्षक-कर्मचारीगण भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें श्री अश्विनी धीवर, श्री तिलक शर्मा, श्री रेवती रमन तारक, श्री कामता प्रसाद साहू, श्री पवन कुमार डडसेना, श्री रोहित लहरें, श्री देवेश कुमार, श्रीमती ज्योति सिंह, श्रीमती हेमलता साहू, श्रीमती कुसुम कुजूर, श्रीमती सविता ध्रुव, श्रीमती अंकिता ठाकरे, श्रीमती गीतिका कौशिक, श्रीमती गीता पटेल, श्री सिद्धांत गायगौरे, श्री सुरेश यादव, श्री सागर झा, श्री सत्यम पांडेय, श्री सजल चंद्राकर,श्री लक्ष्मी नारायण साहू, श्री नवीन कुमार दास, श्री तरुण कुमार सिन्हा, श्री लोकेश साहू, श्रीमती मधुरिमा शर्मा, श्रीमती बरखा शर्मा, सुश्री भारती भार्गव, वेनिका लकरा, सुश्री प्रियंका बारिहा, श्रीमती सोनाली साहू, श्रीमती रेणुका साहू, सुश्री लिली मजखंड, श्रीमती नलिनी ध्रुव, सुश्री प्रगति साहू सहित अन्य सम्मिलित थे।