संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद। छत्तीसगढ़ जीव जंतु कल्याण बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री आलोक चंद्राकर ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की साय सरकार पर महंगाई को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारें महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई हैं। मोदी सरकार के आर्थिक कुप्रबंधन और जनविरोधी गलत नीतियों के कारण आज पूरा देश महंगाई की आग में जल रहा है और आम जनता त्राहि-त्राहि कर रही है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश की शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकानों में महीनों से शक्कर गायब है। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राशन दुकान से शक्कर नहीं मिल पा रही है, जिससे उन्हें खुले बाजार का रुख करना पड़ रहा है। खुले बाजार में शक्कर का भाव 70 रुपए किलो तक पहुंच गया है, जो गरीब की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। यह स्थिति सरकार की संवेदनहीनता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने देश की जनता को महंगाई रूपी सुरसा के मुंह में धकेल दिया है। सामान्य ट्रेनों का संचालन नियमित तो नहीं कर पा रहे है और कुछ शहरों के लिये प्याज के आपूर्ति के लिए कांदा एक्सप्रेस चला रहें अब ये दिन दूर नहीं जनता इनको शीघ्र ही कांदा खिलायेगी !!
छत्तीसगढ़ में भाजपा डबल इंजन की सरकार होने का दंभ भरती है, लेकिन हकीकत यह है कि महंगाई रोकने के मामले में भाजपा के सभी इंजन पूरी तरह फेल हो चुके हैं। आज रसोई का हर सामान आग उगल रहा है। प्याज,सरसों तेल, नमक, गुड़,आलू,दाल और मसालों सहित रोजमर्रा की जरूरत की हर चीज के दाम आसमान छू रहे हैं। आम आदमी के घर का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। लोगों की कमाई सीमित है और खर्च असीमित हो गया है, जिससे घर चलाना मुश्किल हो गया है।
श्री चंद्राकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने वादे को याद दिलाते हुए कहा कि मोदी जी जब पहली बार प्रधानमंत्री बने थे तो उन्होंने 100 दिन में महंगाई कम करने का वादा किया था। आज उन्हें प्रधानमंत्री बने हुए 12 साल हो चुके हैं और इन 12 वर्षों में महंगाई चार गुना तक बढ़ गई है। जनता ने जिन वादों पर भरोसा किया था, आज वही वादे जुमला साबित हो रहे हैं। भाजपा सरकार केवल पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है, जबकि आम जनता महंगाई की चक्की में पिस रही है।