Blogछत्तीसगढ़

सिटी बस की टक्कर से घायल बैंककर्मी यशवंत झुलपे की इलाज के दौरान मौत

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद। सिटी बस की कथित लापरवाही से हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल महासमुंद निवासी 26 वर्षीय यशवंत झुलपे की इलाज के दौरान मौत हो गई। यशवंत रायपुर स्थित एक बैंक में कार्यरत थे। घटना के बाद उनका रायपुर के नारायणा अस्पताल में उपचार चल रहा था। हालत गंभीर होने पर उन्हें डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 21 जुलाई को शाम करीब 4 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

गौरतलब है कि 7 जुलाई को शाम करीब 7:30 बजे यशवंत अपने कार्यालय से रायपुर स्थित निवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिटी बस के चालक द्वारा कथित रूप से लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें टक्कर मार दी गई। दुर्घटना के बाद यशवंत गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर मारने के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए रायपुर स्थित नारायणा अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी था।

बताया गया कि 20 जुलाई को यशवंत को नारायणा अस्पताल से डीकेएस अस्पताल स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान 21 जुलाई को शाम करीब 4 बजे उनका निधन हो गया। युवा बैंककर्मी के असमय निधन की खबर से महासमुंद स्थित उनके परिवार और परिचितों में शोक की लहर है।

यशवंत झुलपे सुभाष नगर, वार्ड क्रमांक 21, महासमुंद निवासी श्री संतोष झुलपे के 26 वर्षीय पुत्र थे। उनके बड़े पिता छन्नूलाल झुलपे महासमुंद में डिप्टी कलेक्टर के पद पर सेवाएं दे चुके हैं, जबकि उनके चाचा सितोष कुमार झुलपे स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय में शिक्षक हैं।

यशवंत झुलपे की अंतिम यात्रा 22 जुलाई को सुबह 11 बजे उनके निवास स्थान सुभाष नगर, वार्ड क्रमांक 21, महासमुंद से निकाली जाएगी। परिजनों एवं शुभचिंतकों ने सभी से अंतिम यात्रा में शामिल होकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करने तथा शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button