रिपोर्टर कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद जिले से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम बरबसपुर में संचालित मध्यान भोजन योजना में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। घटिया भोजन और अपर्याप्त मात्रा को लेकर ग्रामवासियों, अभिभावकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि स्कूल में पढ़ने वाले लगभग 120 बच्चों के लिए मात्र 2 से 3 किलो सब्जी और करीब 1 किलो दाल ही बनाई जाती है, जो बच्चों के लिए ना काफी है। इतना ही नहीं, दाल में गुणवत्ता की भी कमी है—दाल कम और पानी अधिक होने की शिकायत सामने आई है। भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं, जहां कई बार खाना खाने योग्य नहीं पाया गया।
इस संबंध में गांव के संजय परमार, धनु कोसले, प्रदीप बघेल, रवि सोनवानी और देवेंद्र बंदे सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस मुद्दे को कई बार ग्राम पंचायत के पंच-सरपंचों के समक्ष उठाया गया, लेकिन आज तक स्थिति में कोई सुधार नहीं हो पाया है। लगातार अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने बुलेट न्यूज के संवाददाता कुंज कुमार रात्रे को मौके पर बुलाकर पूरे मामले से अवगत कराया और मांग की कि उनकी आवाज आप के चैनल के माध्यम से शासन-प्रशासन तक पहुंचाई जाए, ताकि बच्चों को उचित और गुणवत्तापूर्ण भोजन मिल सके।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए क्या कार्रवाई करता है।

