रिपोर्टर कुंज कुमार रात्रे
महासमुन्द — आज भाजपा कार्यालय जिला महासमुन्द में एकात्म मानवतावाद के प्रणेता एवं जनसंघ के संस्थापक सदस्य पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को समर्पण दिवस के रूप में श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से आए भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा, त्याग, तपस्या एवं समाजहित के आदर्शों को स्मरण किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता महासमुन्द नगर संघ चालक सम्माननीय भूपेन्द्र राठौर जी ने अपने उद्बोधन में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी का एकात्म मानवतावाद भारतीय राजनीति को नैतिकता, सेवा और समरसता की दिशा प्रदान करता है तथा उनका जीवन आज के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि अंत्योदय और समरस समाज का सपना साकार करने के लिए उनके विचारों को व्यवहार में उतारना आवश्यक है।
वहीं वरिष्ठ अधिवक्ता सम्माननीय प्रलय थीटेजी ने अपने वक्तव्य में कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के सिद्धांत राष्ट्रहित, सामाजिक समानता एवं मानव गरिमा के मूल्यों पर आधारित हैं, जो वर्तमान राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने उदाहरणों एवं लघु कथाओं के माध्यम से बताया कि एकात्म मानवतावाद केवल एक विचारधारा नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक आत्मा का प्रतिबिंब है।
कार्यक्रम की प्रस्तावना भाजपा जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू द्वारा रखी गई, जिन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के आदर्शों को आत्मसात कर संगठन को सशक्त बनाना तथा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है।
कार्यक्रम में मंचासीन प्रमुख अतिथियों में भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, बीज निगम अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, स्काउट गाइड राज्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह गोल्डी, जिला पंचायत अध्यक्ष मोगरा पटेल एवं पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू शामिल रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में राष्ट्रसेवा, नैतिक राजनीति, सामाजिक समरसता एवं संगठनात्मक मजबूती की भावना को और अधिक प्रबल करना रहा। अंत में सभी उपस्थितजनों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
उक्त समाचार भाजपा जिला मीडिया प्रभारी नवीन कुमार साव एवं आनंद साहू द्वारा मीडिया को उपलब्ध कराया गया।
