संपादक कुंज कुमार रात्रे 
महासमुंद, 29 अक्टूबर 2026/ श्रमिकों के कल्याण, आर्थिक सशक्तिकरण एवं सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देने श्रम विभाग द्वारा आज जिला मुख्यालय स्थित शंकराचार्य भवन में श्रमिक सम्मेलन 2026 का आयोजन किया गया। सम्मेलन में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस सम्मेलन में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत जिले के 6,684 श्रमिकों के बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 98 लाख 53 हजार 41 रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, नगर पालिका परिषद उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चन्द्राकर, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती लक्ष्मी जांगड़े सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 1,500 श्रमिक एवं हितग्राही शामिल हुए।
मुख्य अतिथि विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने सम्मेलन में उपस्थित श्रमिकों को बधाई देते हुए कहा कि श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों के कल्याण एवं आर्थिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने श्रमिकों से इन योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने मेधावी छात्रवृत्ति से लाभान्वित छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज, जिले और देश का नाम रोशन करें।
श्रमिक सम्मेलन में श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। मिनीमाता महतारी जतन योजना के तहत 154 श्रमिकों को 30 लाख 80 हजार रुपये, मुख्यमंत्री साइकिल सहायता योजना में 240 श्रमिकों को 8 लाख 88 हजार 864 रुपये तथा मुख्यमंत्री श्रमिक औजार सहायता योजना में 472 श्रमिकों को 16 लाख 37 हजार 889 रुपये की राशि प्रदान की गई। इसी प्रकार मुख्यमंत्री नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत 5,228 हितग्राहियों को 98 लाख 12 हजार 500 रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण मजदूर कौशल विकास एवं परिवार सशक्तिकरण योजना में 36 श्रमिकों को 5 लाख 19 हजार 288 रुपये तथा मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक सुरक्षा उपकरण सहायता योजना के तहत एक श्रमिक को 1,500 रुपये की सहायता राशि दी गई।
मुख्यमंत्री नोनी बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना के अंतर्गत 55 श्रमिकों को 3 लाख 91 हजार रुपये, मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना में 52 श्रमिकों को 52 लाख रुपये, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण सहायता योजना में 362 श्रमिकों को 72 लाख 40 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना के तहत 51 श्रमिकों को 10 लाख 20 हजार रुपये की राशि अंतरित की गई। इसके अतिरिक्त निर्माण श्रमिकों के बच्चों को निःशुल्क गणवेश एवं पुस्तक-कॉपी सहायता योजना के अंतर्गत 33 श्रमिकों को 62 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई। इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से कुल 6,684 श्रमिकों के बैंक खातों में 2 करोड़ 98 लाख 53 हजार 41 रुपये की राशि सीधे अंतरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित श्रमिकों को डेमो चेक प्रदान किए गए। साथ ही श्रमिकों के हित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले हितग्राहियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।