Blogछत्तीसगढ़

सरायपाली अनुविभाग में 08 जांच चौकियां स्थापित, अवैध धान परिवहन करते 08 बिचौलियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

संपादक कुंज कुमार राते महासमुंद, 30 अक्टूबर 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2026 के दौरान जिले में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी, सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखने तथा अवैध धान परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा सतत निगरानी एवं कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में सरायपाली अनुविभागीय अधिकारी तेजपाल सिंह ध्रुव ने बताया कि अवैध धान परिवहन एवं बिचौलियों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के उद्देश्य से कुल 08 जांच चौकियां स्थापित की गई हैं। इन जांच चौकियों के माध्यम से धान के अवैध परिवहन और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।

अनुविभागीय दण्डाधिकारी सरायपाली श्री ध्रुव से प्राप्त जानकारी के अनुसार आज अवैध रूप से धान का परिवहन करते पाए गए कुल 08 बिचौलियों के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 126, 135 एवं 170 के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि धान खरीदी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध परिवहन अथवा बिचौलियों की संलिप्तता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे शासन द्वारा निर्धारित नियमों के अनुरूप ही धान का विक्रय करें तथा धान के अवैध परिवहन, खरीदी-बिक्री अथवा बिचौलियों से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button