संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद। अधिक मास के पावन अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग महासमुंद टीम द्वारा शासकीय अस्पताल, खरोरा (महासमुंद) में एक विशेष सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती मरीजों, उनके परिजनों एवं अस्पताल कर्मचारियों सहित 300 से अधिक लोगों को फल एवं बिस्कुट वितरित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य सेवा, करुणा एवं मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना था। टीम सदस्यों ने मरीजों का कुशलक्षेम जाना, उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस सेवा कार्य से अस्पताल परिसर में प्रसन्नता, अपनत्व एवं सकारात्मकता का वातावरण निर्मित हुआ। मरीजों एवं अस्पताल कर्मियों ने इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस सेवा कार्य की प्रेरणा आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक एवं विश्वविख्यात आध्यात्मिक गुरु पूज्य गुरुदेव श्री श्री रविशंकर जी से प्राप्त हुई है। गुरुदेव का संदेश है कि “सेवा वह माध्यम है, जो हमें मानवता से जोड़ता है और जीवन को सार्थक बनाता है।” उनके मार्गदर्शन में आर्ट ऑफ लिविंग आज विश्व के 182 से अधिक देशों में मानव मूल्यों, तनावमुक्त जीवन एवं सामाजिक उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
यह महासमुंद जिले के लिए भी गर्व का विषय है कि गुरुदेव के मार्गदर्शन एवं आर्ट ऑफ लिविंग के माध्यम से यहां समय-समय पर ध्यान, योग, सुदर्शन क्रिया, सेवा एवं सत्संग जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को तनावमुक्त, स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन जीने की प्रेरणा मिलती है, साथ ही समाज में प्रेम, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों को भी सशक्त बनाया जाता है।
आर्ट ऑफ लिविंग महासमुंद टीम द्वारा निरंतर सेवा एवं जनकल्याण के ऐसे कार्य किए जाते रहे हैं, जिनका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक खुशी, स्वास्थ्य, शांति और मानवता का संदेश पहुंचाना है। अधिक मास के इस पावन अवसर पर आयोजित यह सेवा कार्यक्रम उसी भावना का एक सुंदर उदाहरण रहा।