संपादक कुंज कुमार रात्रे
महासमुंद। शहर के महामाया तालाब घाट पर लोक आस्था, श्रद्धा और भक्ति का महापर्व छठ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिक्का, पूर्व पार्षद एवं स्काउट गाइड आयुक्त मनीष शर्मा, भाजपा नेता जितेंद्र साहू, शरद मराठा, विक्की गुरुदत्ता, भरत खत्री एवं राजा मल्होत्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु शामिल हुए।
सभी ने महामाया तालाब घाट पर पूजा-अर्चना कर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर 36 घंटे का निर्जला उपवास रखने वाली मातृशक्ति एवं उपस्थित श्रद्धालुओं को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि छठ महापर्व विश्व का एक अनूठा पर्व है, जिसमें उगते सूर्य के साथ-साथ डूबते सूर्य की भी उपासना की जाती है और उन्हें अर्घ्य अर्पित किया जाता है। यह पर्व हमें जीवन की प्रत्येक परिस्थिति में सुख और दुख को समान भाव से स्वीकार करने का संदेश देता है। छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने भगवान भास्कर एवं छठी मईया को प्रणाम करते हुए सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि भगवान सूर्यदेव और छठी मईया की कृपा से सभी के जीवन में नई ऊर्जा, अपार खुशियां, उत्तम स्वास्थ्य एवं समृद्धि का संचार हो। समाज में सदैव भाईचारा, प्रेम और सद्भावना बनी रहे।
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिक्का ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ महापर्व केवल धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि स्वच्छता, संयम, समर्पण और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का एक महान पर्व है। यह पर्व हमें प्रकृति के संरक्षण, सामाजिक एकता और पारिवारिक मूल्यों के प्रति जागरूक करता है।
