Blogछत्तीसगढ़

वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महिला महासभा ने किया वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुंद: वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महिला महासभा, महासमुंद द्वारा समाज के वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता एवं आत्मीयता व्यक्त करना तथा नई पीढ़ी को उनके अनुभव और जीवन-मूल्यों से जोड़ना रहा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती निरंजना चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की नींव होते हैं। उन्होंने अपने जीवन के लंबे अनुभव, संघर्ष और ज्ञान से परिवार एवं समाज को समृद्ध किया है। उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए एक मार्गदर्शक की तरह है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान केवल एक सामाजिक परंपरा नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी और संस्कारों का परिचायक है।

श्रीमती रश्मि चंद्राकर ने कहा कि हमें बुजुर्गों को बोझ नहीं, बल्कि परिवार और समाज के लिए आशीर्वाद समझना चाहिए। उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुनना, उनके अनुभवों से सीखना तथा उन्हें समय, स्नेह और सम्मान देना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि जीवन के अंतिम पड़ाव में वरिष्ठ नागरिकों को अपनापन और सम्मान मिले, यही एक संवेदनशील समाज की पहचान है।

कार्यक्रम के अंतर्गत समाज में सक्रिय सेवा, चिकित्सा, शिक्षा, विधि एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठजनों का उनके निवास स्थान पर जाकर सम्मान किया गया। इस क्रम में डॉ. गिरधारी चंद्राकर, डॉ. घनश्याम चंद्राकर, वरिष्ठ चिकित्सक एवं शिक्षक श्री मानक लाल चंद्राकर, अधिवक्ता श्री दुवन चंद्राकर तथा महिला सशक्तिकरण की मिसाल ममतामयी श्रीमती लीला भारत चंद्राकर का सम्मान कर उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

महासभा की महिला पदाधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान समाज में सकारात्मक संस्कारों को मजबूत करता है। उनके जीवन संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। ऐसे आयोजन समाज में आपसी स्नेह, एकता और पीढ़ियों के बीच संवाद को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कुर्मी क्षत्रिय महिला महासभा की पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं। प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष श्रीमती तारिणी चंद्राकर सहित सुरेखा, केसरी, पिंकी, शशि, चंद्रकला, पुष्पा, शशि, लीना, सुनीता, सुष्मिता, सीमा, मीना,आरती सकून प्रतिभा एवं अन्य महिला पदाधिकारी उपस्थित थीं।

कार्यक्रम का समापन वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान एवं उनके स्वस्थ, सुखी और सम्मानपूर्ण जीवन की शुभकामनाओं के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button