Blogछत्तीसगढ़

वार्डों में 2 फीट तक भरा पानी, जेसीबी बुलाकर निकलवाया नालियों का मलवा

महासमुन्द: एक घंटे की बारिश में शहर हुआ जलमग्न, नपा उपाध्यक्ष ने उठाए सफाई पर सवाल

संपादक कुंज कुमार रात्रे महासमुन्द। शहर में एक घंटे की बारिश ने चारों तरफ बाढ़ की स्थिति निर्मित कर दी। लगभग अधिकांश वार्डों में नाली से पानी 1.5 से 2 फीट ऊपर सड़क पर बहने लग गया। ऐसी स्थिति पर नगर पालिका उपाध्यक्ष देवीचंद राठी तत्काल बरसते पानी में वार्डों में पहुंचे और लोगों के घरों में घुस रहे पानी के लिए नगर पालिका से जेसीबी मशीन बुलाई तथा नालियों से पानी बहाव का रास्ता बनवाया।

*पहली बारिश में ही खुली पोल*

नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी ने पहली बारिश में शहर में बाढ़ जैसी स्थिति पर कहा कि बारिश के पूर्व बड़ी नालियों की सफाई नहीं होने का परिणाम है। बारिश के पहले नालियों की सफाई की कोई योजना नहीं बनाई गई। पहली बारिश में ही नगर पालिका की सफाई व्यवस्था की पोल खुल गई।

*वार्ड-वार्ड में भरा पानी*

वार्ड क्रमांक 14 में ओवरब्रिज के सर्विस रोड में स्थित चंद्राकर परिवार के यहां 2 फीट पानी घुस गया। घर तालाब जैसा बन गया था। झा वकील निवास के पास बाढ़ आ गई। इसी तरह पुराना मछली मार्केट रोड में 1.5 फीट पानी चल रहा था। बुद्ध विहार के आसपास का एरिया पूरी तरह जलमग्न हो गया था। एनएच मेन रोड बग्गा स्टोर चौक में बड़ी नाली से पानी बाहर आने के कारण 1.5 फीट ऊपर सड़क पर पानी चल रहा था। नयापारा, दलदली रोड, बीटीआई रोड, पिटियाझर, लगभग शहर के सभी व्यस्ततम मार्गों एवं वार्डों की गलियों का हाल बेहाल एक ही बारिश में हो गया।

*सीएमओ को फोन, व्यवस्था सुधारने की मांग*

श्री राठी ने सीएमओ श्री शर्मा को फोन पर शहर की नालियों के बारे में जानकारी देते हुए तत्काल व्यवस्था बनाने को कहा। उन्होंने कहा कि पूरी बारिश बाकी है, नगर पालिका में अतिरिक्त सफाई दस्ता तैयार कर नालियों की सफाई कराएं। इसके अलावा तेज बारिश की आपातकाल स्थिति में सफाई दस्ता नगर पालिका में तैनात किया जाए। आज की स्थिति में नगर पालिका के पास आपातकाल के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। एक घंटा इंतजार के बाद जेसीबी मशीन पहुंची।

*बड़ी नाली की हाइट बढ़ाने की मांग*

वार्ड नंबर 14 में स्थित बड़ी नाली की सफाई जमीन तल से कराने की आवश्यकता है। हल्की बारिश में भी आसपास लोगों के घरों में पानी 2 फीट तक भर जाता है। पहले भी शिकायत की जा चुकी है। बड़ी नाली की हाइट बढ़ाने के लिए भी साल भर से आवेदन किया जा चुका है लेकिन कोई ठोस कार्यवाही आज तक नहीं हुई। मुख्य नाली को मैनपावर से ठेके पर साफ कराना अति आवश्यक हो गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button